Khabar RSS Feed
Subscribe Magazine on email:    

बारिश से तापमान में हल्की गिरावट

from rain temperature down

6 जून 2012

नई दिल्ली । देश के उत्तरी भागों में हल्की बारिश के कारण बुधवार को तापमान में गिरावट आने से लोगों को कुछ राहत मिली है। लेकिन पश्चिम बंगाल सहित मध्य प्रदेश के कुछ हिस्से अभी तक भीषण गर्मी की चपेट में हैं और पश्चिम बंगाल में मंगलवार तक लू से मरने वालों की संख्या 30 तक पहुंच गई।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार सुबह आकाश पर हल्के बादल छाए रहे। इससे एक दिन पहले ही यहां हुई बारिश से लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। बुधवार को न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भारत मौसम विज्ञान कार्यालय (आईएमडी) ने दिन के समय और बारिश होने की सम्भावना व्यक्त की है। आईएमडी के मुताबिक दिल्ली में मौसम सुखद बना हुआ है और बुधवार को फिर बारिश हो गई। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की सम्भावना है। सुबह 8.30 बजे आद्र्रता 45 प्रतिशत दर्ज की गई। दिल्ली में मंगलवार को यहां 12 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी।

मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ऊपर 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान औसत से दो डिग्री ऊपर 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

उत्तर प्रदेश में लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को आसमान पर बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे लोगों को गर्मी और लू के थपेड़ों से थोड़ी राहत मिल सकती है। बुधवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास था।

उत्तर प्रदेश मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने बताया कि मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहने से तापमान में गिरावट दर्ज की गयी। बुधवार को भी बादल छाए रहने का अनुमान है जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के कुछ इलाकों में धूल भरी हवाएं चलने का अनुमान है।

बुधवार को राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस, कानपुर का 39.6 डिग्री, इलाहाबाद का 43.5 डिग्री सेल्सियस और आगरा का 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

केरल में मानसून के दाखिल होने के साथ ही मध्य प्रदेश में मानसून पूर्व बारिश के आसार बन गए है। बीते रोज ग्वालियर में हुई बारिश ने काफी राहत दी है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि कई इलाकों में आगामी दिनों में बारिश हो सकती है। यह मानूसन की दस्तक नहीं बल्कि मानसून पूर्व की बारिश होगी। मंगलवार को दिल्ली के आसपास हुई बारिश का असर ग्वालियर में भी दिखा। यहां 18 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

एक तरफ जहां बारिश की उम्मीद जतायी जा रही है वहीं धूप का असर और लू का कहर बना हुआ है। राज्य के अधिकांश इलाकों का अधिकतम तापमान अब भी 40 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। राजधानी भोपाल का अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

पश्चिम बंगाल के दक्षिणी हिस्से में लू से मरने वालों की संख्या बढ़कर 42 हो गई है। लू से बुधवार को कोलकाता व अन्य जिलों में 12 और लोगों की मौत होने की खबर है।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "अत्यधिक गर्मी व लू के चलते बुधवार को बर्दवान के आसनसोल व पश्चिमी मिदनापुर के झारग्राम में से प्रत्येक में चार की व कोलकाता और हुगली में दो-दो लोगों की मौत हो गई। राज्यभर में कई लोग अस्पतालों में भर्ती कराए गए हैं।" मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने लोगों के लू से मरने पर चिंता जतायी है। उन्होंने जिला प्रशासन से एहतियाती कदम उठाने के लिए कहा है। राज्य में मंगलवार को लू से 30 लोगों की मौत हो गई थी।

 

More from: Khabar
31090

ज्योतिष लेख

मकर संक्रांति 2020 में 15 जनवरी को पूरे भारत वर्ष में मनाया जाएगा। जानें इस त्योहार का धार्मिक महत्व, मान्यताएं और इसे मनाने का तरीका।

Holi 2020 (होली 2020) दिनांक और शुभ मुहूर्त तुला राशिफल 2020 - Tula Rashifal 2020 | तुला राशि 2020 सिंह राशिफल 2020 - Singh Rashifal 2020 | Singh Rashi 2020