नई दिल्ली, 29 जुलाई
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने गुरुवार को गुजरात के पूर्व मंत्री अमित शाह को एक मोहरा भर करार देते हुए कहा कि केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को मुख्य दोषी गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को गिरफ्तार करने की हिम्मत दिखानी चाहिए।
संसद के बाहर लालू ने संवाददाताओं से कहा, "अमित शाह केवल एक चूजा है, मुर्गे की गिरफ्तारी अभी बाकी है।"
मोदी के करीबी माने जाने वाले गुजरात के पूर्व गृह राज्यमंत्री शाह को वर्ष 2005 के सोहराबुद्दीन शेख फर्जी मुठभेड़ मामले में पिछले दिनों सीबीआई ने गिरफ्तार किया था।
लालू ने कहा, "यदि मोदी की गिरफ्तारी होती है तो यह कुछ बात होगी। शाह उसके अधीन था। वह स्वयं काम नहीं कर सकता।"
सूत्रों के अनुसार सीबीआई ने बुधवार को अहमदाबाद की साबरमती जेल में शाह से पूछताछ की लेकिन उन्होंने कई सवालों के जवाब देने में आनाकानी की।
शाह पर सोहराबुद्दीन शेख और उसकी पत्नी कौसरबी की हत्या का आदेश देने का आरोप है।