Personality RSS Feed
Subscribe Magazine on email:    

बॉलीवुड का दबंग सलमान खान

salman khan usp
उन्‍हें बॉलीवुड का 'दबंग' कहिए या मोस्‍ट 'वांटेड', लेकिन बेशक वो हर उम्र के दर्शकों के दिल पर राज करते हैं। लड़के उनके जैसी बॉडी बनाना चाहते हैं, तो लड़कियां (यहां तक कि कई आंटियां भीं) उन पर जान छिड़कती हैं। कुल मिलाकर वे बॉलीवुड के सबसे डैशिंग स्‍टार्स में से हैं। जी, सही समझे आप। बात सलमान खान की हो रही है।


1989 में 'मैंने प्‍यार किया' से शुरू हुआ सलमान खान का सफर आज भी बदस्‍तूर जारी है। कई लोग मानते हैं कि सलमान में शाहरुख सी रूमानियत नहीं है, आमिर सा परफेक्‍शन नहीं है। वह गुस्‍सैल हैं। बावजूद इसके उनमें कुछ ऐसा है जो लोगों को उनका दीवाना बनाए रखता है। इसमें तो कोई संदेह नहीं कि बॉलीवुड में सबसे लॉयल या कहें कि वफादार प्रशंसक सलमान के ही हैं। जो 89 में मैंने प्‍यार किया देखकर सलमान की दीवानी हुयी, उनकी बेटियां भी आज ढिंक चिका पर थिरकती हैं। कुछ तो है सलमान में जो उन्‍हें बाकियों से अलग और हटकर बनाता है।


सलमान के चाहने वालों में लड़कियों की तादाद ज्‍यादा है। किसी को उनकी बॉडी अच्‍छी लगती है, तो किसी को स्‍क्रीन पर उनकी मासूमियत। तो कोई उनकी नशीली आंखों पर मर मिटने को तैयार है। कुल मिलाकर सलमान के बारे में एक बात कही ही जा सकती है, वे टाइगर की तरह बेखौफ हैं और अपनी खूबियों का भरपूर इस्‍तेमाल करना जानते हैं।
 

सलमान खान यूं तो फिल्‍मी परिवार से ही ताल्‍लुक रखते हैं। उनके पिता सलीम खान ने जावेद अख्‍तर के साथ मिलकर सातवें दशक में एक से बढ़कर सुपरहिट फिल्‍मों की स्क्रिप्‍ट लिखी। 'दीवार', जंजीर, शोले.... और भी कई फिल्‍में उन्‍हीं की लिखी हुयी थीं। सलमान के दोनों भाई अरबाज और सुहैल भी फिल्‍मों में सक्रिय हैं।


आज जिस सलमान की अदाकारी पर लोग अपनी जान छिड़कते हैं, वही सलमान पर्दे के सामने नहीं, बल्कि पर्दे के पीछे अपना जौहर दिखाना चाहते थे। जी, सलमान बनना तो निर्देशक चाहते थे, लेकिन उनकी दमदार और रॉकिंग पर्सनेलिटी को देखकर उन्‍हें बतौर हीरो मौके मिलने लगे। बेशक सलमान की बतौर हीरो पहली फिल्‍म 1989 में आई 'मैंने प्‍यार किया' थी, लेकिन क्‍या आप जानते हैं कि 1988 में ‘बीवी हो तो ऐसी’ सलमान की पहली फिल्‍म थी। इस फिल्‍म में वह बतौर सहायक अभिनेता नजर आए थे। फारुख शेख और रेखा जैसे सितारों के बीच सलमान लोगों का ध्यान आकर्षित करने में सफल रहे।


1989 में बतौर हीरो सलमान की पहली फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ रिलीज हुई। उस दौर में पाइरेसी के कारण फिल्म इंडस्ट्री की हालत बेहद पतली थी। सलमान की इस फिल्म के प्रिंट्स का खर्चा बचाते हुए बहुत कम प्रिंट्स और प्रचार के साथ इसे कुछ जगह रिलीज किया गया। बाद में भारी कामयाबी के कारण फिल्म के प्रिंट्स की संख्याक बढ़ाई गई।

रोमांस और सलमान का तो बहुत पुराना नाता है। शायद सलमान की रोमांटिक लिस्‍ट बॉलीवुड में सबसे लंबी होगी। फिल्‍मों में आने से पहले ही सलमान का नाम संगीता बिजलानी के साथ जुड़ चुका था। सलमान की तुलना में संगीता बड़ी स्टार थीं। एक विज्ञापन में दोनों साथ नजर आते थे। इसके बाद इस लिस्‍ट में सोमी अली, ऐश्‍वर्या राय, कटरीना कैफ जैसी अदाकाराओं का नाम जुड़ चुका है।


कहा जाता है कि ‘चलते-चलते’ फिल्म में शाहरुख के साथ ऐश्वर्या शूटिंग कर रही थी। सलमान ने सेट पर पहुंचकर शाहरुख और ऐश्वर्या के साथ बदसलूकी की। शाहरुख ने सलमान का साथ देते हुए ऐश्वर्या को फिल्म से बाहर कर दिया और रानी मुखर्जी को ले लिया।


सलमान दिल के बेहद साफ माने जाते हैं। कहा जाता है जो उनके दिल में है वही उनकी जुबान पर भी है। वे यारों के यार हैं। वह दोस्‍ती ताउम्र निभाने में यकीन रखते हैं। वही 'एक बार जो मैंने कमिटमेंट कर दी तो फिर सारी उम्र निभाता हूं' टाइप। सलमान अपने साथी व जूनियर कलाकारों को बॉडी बनाने के टिप्‍स देते रहते हैं। ऋतिक रोशन इसका बेहतरीन उदाहरण है। सल्‍लू मियां ने सोनाक्षी सिन्‍हा और जरीन खान (फिल्‍म 'वीर' की हीरोइन) को भी वजन कम करने की सलाह दी। चिल्लर पार्टी फिल्म को देख सलमान इतने प्रभावित हुए कि फौरन उस फिल्म के निर्माता बन गए। 


शाहरुख खान के साथ हुए उनके विवाद को कौन भूल सकता है। एक दौर में दोनों की दोस्‍ती की मिसालें दी जाती थीं, लेकिन आज हालात ये हैं कि दोनों एक दूसरे के सामने आने से भी बचते हैं। दोनों ने हम तुम्हारे हैं सनम, करण-अर्जुन और कुछ कुछ होता है जैसी फिल्मों में साथ काम भी किया। 2006 की दिवाली पर एक ही दिन सलमान की जानेमन और शाहरुख की डॉन रिलीज हुई थी। दोस्ती का यह आलम था कि सलमान अपनी फिल्म के प्रचार के दौरान लोगों से कहते थे कि वे डॉन भी देखें।


लेकिन, कुछ वर्ष पूर्व कैटरीना कैफ के जन्मदिन की पार्टी में किसी बात पद दोनों के बीच ऐसी दरार आई जो इतने साल बाद आज तक नहीं भर पाई है। विवेक ओबरॉय के साथ हुए उनके विवाद को भी नहीं भुलाया जा सकता। सलमान का साथ छूटने के बाद ऐश्वर्या ने विवेक ओबेरॉय से नजदीकियां बढ़ाई। इसके बाद विवेक ने सलमान और उनके भाइयों से पंगा ले लिया। बाद में विवेक ओबेरॉय ने सलमान से माफी भी मांगी, लेकिन सलमान ने उन्हें ‘नौटंकी’ करार देते हुए आज तक माफ नहीं किया।


विवादों का भी सलमान से पुराना नाता है। 2002 में उनकी कार ने रात में फुटपाथ पर सोए हुए चार व्यक्तियों को कुचल दिया था जिसमें से एक की मृत्यु हो गई थी। राजस्थान में चिंकारा को मारने का मामला अदालत में अभी भी चल रहा है। सलमान इस मामले में जेल भी जा चुके हैं।


मैंने प्यार क्यूं किया (2005) के बाद सलमान की कई फिल्में (क्योंकि, शादी करके फंस गया यार, जानेमन, बाबुल, सलाम-ए-इश्क, सांवरिया, गॉड तुस्सी ग्रेट हो, युवराज) फ्लॉप हुईं। लगभग चार वर्ष तक उनकी फिल्म पिटती रहीं। कहा जाने लगा कि सलमान का जादू अब उतर रहा है। लेकिन, वह गोविंदा के साथ 'पार्टनर' बनकर आए और एक बार फिर 'वांटेड' हो गए। दबंग, वांटेड, रेडी और बॉडीगार्ड जैसी फिल्मों ने सलमान को फिर दर्शकों के दिल का चहेता बना दिया।


समाज सेवा की भावना भी सलमान के दिल में बहुत है। 'बीईंग ह्यूमन' नाम की एक एनजीओ चलाने वाले सलमान गरीबों की मदद करना चाहते हैं। बीइंग ह्यूमन की नकली टी-शर्ट पहनने वालों पर सलमान गुस्‍सा हो जाते हैं। उनका इरादा देश के कई शहरों में बीइंग ह्यूमन शॉप खोलने का है। इसके जरिये जो भी कमाई होगी उसे वे भलाई के कार्यों में लगाएंगे।


चंद खास बातें-

2004 में पीपुल मैगजीन ने सलमान को बेस्ट लुकिंग मैन इन द वर्ल्ड की लिस्ट में सातवां और भारत में पहला स्थान दिया।


सलमान के पसंदीदा हीरो धर्मेन्द्र हैं और हीरोइन हेमा मालिनी। सलमान ने धर्मेन्द्र के साथ ‘प्यार किया तो डरना क्या’ की है। कहा जाता है कि धर्मेन्द्र ने इस फिल्म में काम करने के बदले में एक भी पैसा नहीं लिया। धर्मेन्द्र का कहना है कि सलमान दिल से एकदम साफ और मुंहफट। टिप्स फिल्म कंपनी ने सलमान खान नामक फिल्म का नाम रजिस्टर्ड करवाया था, लेकिन यह फिल्म आज तक नहीं बनी।

वर्षों पहले जब रणबीर कपूर फिल्मों में नहीं आए थे, तब सलमान और रणवीर एक नाइट क्लब में उलझ बैठे थे। दोनों में मारपीट भी हुई थी। अगले दिन अपने पिता सलीम खान के कहने पर सलमान ने ऋषि कपूर के घर जाकर माफी मांगी थी।


सलमान का पूरा नाम अब्दुल रशीद सलीम सलमान खान है।
 

-भारत मल्होत्रा
More from: Personality
32308

ज्योतिष लेख

मकर संक्रांति 2020 में 15 जनवरी को पूरे भारत वर्ष में मनाया जाएगा। जानें इस त्योहार का धार्मिक महत्व, मान्यताएं और इसे मनाने का तरीका।

Holi 2020 (होली 2020) दिनांक और शुभ मुहूर्त तुला राशिफल 2020 - Tula Rashifal 2020 | तुला राशि 2020 सिंह राशिफल 2020 - Singh Rashifal 2020 | Singh Rashi 2020