Personality RSS Feed
Subscribe Magazine on email:    

कपूर खानदान की लाडली करीना

kapoor family s dear one is kareena kapoor


भारत मल्होत्रा

 

 

करीना कपूर जल्‍द ही आमिर खान के साथ फिल्‍म 'तलाश' में नजर आएंगी। इस फिल्‍म की कास्‍ट में उनका नाम करीना कपूर ख़ान होगा। सैफ के साथ शादी के बाद यह करीना की पहली रिलीज होगी। ख़बर है कि सैफ और करीना 16 अक्‍टूबर को शादी कर रहे हैं।

 

कपूर खानदान को बॉलीवुड का पहला खानदान कहा जाता है। इस खानदान ने हमेशा से ही हिन्‍दी सिनेमा को बेहतरीन प्रतिभाएं दी हैं। हालांकि, इस परिवार में पहले महिलाओं को बॉलीवुड में नहीं आने दिया जाता था। लेकिन, शोमैन राजकपूर के सबसे बड़े बेटे रणधीर कपूर की दोनों बेटियों, करिश्‍मा और करीना, ने इस परिपाटी को तोड़ा।


बेबो के नाम से मशहूर करीना कपूर ने हिन्‍दी सिनेमा के तमाम उतार चढ़ाव को देखा है। और आज वे इंडस्‍ट्री की नंबर वन हीरोइन मानी जाती हैं। बॉलीवुड के तीनों ख़ानों के साथ उन्‍होंने काम किया है और सफलता का स्‍वाद चखा है। वहीं, सैफ के साथ भले ही उनकी फिल्‍मी पारी कामयाब न रही हो, लेकिन लोग उम्‍मीद जता रहे हैं कि उनका निजी जीवन आनंददायक रहे।

 

करीना का जन्म 21 सितम्बर, 1980 मुंबई में हुआ। प्‍यार से नाम मिला बेबो। बचपन से ही इन्‍हें फिल्‍मी माहौल मिला। पिता रणधीर कपूर और मां बबीता जाने माने कलाकार हैं  करीना अभिनेता और फ़िल्म निर्माता राज कपूर की पोती और पृथ्वीराज कपूर की परपोती हैं। करीना, अभिनेत्री करिश्मा कपूर की बहन और अभिनेता ऋषि कपूर की भतीजी भी हैं। दोनों बहनों के बीच काफी मजबूत संबंध माने जाते हैं। जब करिश्‍मा और अभिषेक बच्‍चन की सगाई टूटने का वक्‍त हो या फिर अदालतों के चक्‍कर। करीना हमेशा एक मजबूत खंभे की तरह अपनी बहन के साथ रहीं।


करीना ने मुंबई के जमनाबाई नरसी स्कूल से अपनी शुरुआती पढ़ाई की। इसके बाद उन्हें देहरादून के वेलहम गर्ल्स बोर्डिंग स्कूल भेज दिया गया। मुंबई के मीठीबाई कॉलेज में उन्होंने स्‍नातक की पढ़ाई शुरू की, लेकिन बिना डिग्री लिए ही दो साल बाद कॉलेज छोड़ दिया। इसके बाद करीना जा पहुंची अमेरिका की मशहूर हार्वर्ड यूनिवर्सिटी। जहां से माइक्रो कंप्यूटर का तीन महीने का सर्टिफिकेट किया। इसके बाद उनके मन में कानून को लेकर दिलचस्‍पी हुयी। एक साल चर्चगेट के सरकारी कॉलेज में पढाई करने के बाद उन्‍होंने लॉ की पढा़ई भी बीच में छोड़ दी और अभिनय का रुख किया।


करीना अपने फिल्मी कॅरियर की शुरुआत राकेश रोशन की सुपरहिट फ़िल्म “कहो ना …प्यार है” से करने वाली थीं। इस फिल्‍म के लिए उन्‍होंने कई सीन भी शूट कर लिए थे। लेकिन अप्रत्‍याशित कारणों से उन्‍होंने फिल्‍म बीच में ही छोड़ दी। इसके बाद इस फिल्‍म में अमीषा पटेल को मुख्‍य भूमिका मिली। करीना की पर्दे पर हुई एंट्री जेपी दत्ता की 'रिफ्यूजी' से। इस फिल्‍म में उनके साथ थे अभिषेक बच्चन। फिल्म को कुछ खास सफलता तो  नहीं मिली, लेकिन करीना के अभिनय की तारीफ सबने की। इस फिल्म के लिए उन्‍हें फिल्‍मफेयर बेस्ट फीमेल डेब्यू का खिताब मिला।

 

साल 2001 में, अपनी दूसरी फ़िल्म “मुझे कुछ कहना है” रिलीज़ होने के साथ ही करीना कपूर को अपनी पहली सफलता मिली। इसमें उनके साथ तुषार कपूर थे। इसी साल उनकी एक और फिल्म रिलीज हुई “कभी खुशी कभी गम”। इस फिल्म ने करीना कोनयी पहचान दी। एक चुलबुली और बिंदास व्यक्तित्व की लड़की के रूप में करीना कपूर ने आगे का सफर शुरू किया।

 

हालांकि इसके बाद करीना को कई असफल फिल्‍मों का सामना करना पड़ा। 2002 से 2004 तक उनकी कई फिल्‍में बॉक्‍स ऑफिस पर प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहीं। दर्शक उन्‍हें एक जैसी भूमिकाओं में देखकर तंग आ चुके थे। करीना को समझ में आने लगा था कि यहां वे अपने खानदान के नाम पर लंबे समय तक नहीं टिक सकतीं। अपनी पहचान बनानी है तो कुछ हटकर करना ही होगा। इस‍ी के चलते उन्‍होंने ‘अशोका’ जैसी फिल्म स्‍वीकार की। इस चुनौतीपूर्ण रोल में करीना का अभिनय खुलकर सामने आया। लेकिन, फिल्‍म बुरी तरह पिट गयी।

 

इसके बाद साल 2004 में आई 'चमेली'। इस फिल्म में करीना के अभिनय के नए आयाम देखने को मिले। इस फिल्‍म में उन्‍होंने एक वेश्‍या का किरदार निभाया था। फिल्‍म कामयाब हुयी और करीना की अदाकारी ने आलोचकों और दर्शकों सभी को खुश कर दिया। इस फिल्‍म को आज भी करीना के करियर की बेहरतीन फिल्‍मों की फेरहिस्‍त में जगह दी जाती है।

 

फिदा, ऐतराज और हलचल जैसी फिल्मों से करीना के कॅरियर का ग्राफ ऊपर-नीचे होता रहा। लेकिन फिर 2006 में 'ओंकारा' के जरिए उन्होंने दर्शकों का दिल जीत लिया। लेकिन 2007 में आई 'जब वी मेट' ने करीना के चुलबुले अंदाज को नए सिरे से पहचान दी। फिल्‍म बहुत कामयाब साबित हुयी। इस फिल्म के लिए उन्हें फिल्म फेयर बेस्ट एक्ट्रेस के अवार्ड से सम्मानित किया गया। इसी साल उन्होंने गोलमाल रिटर्न जैसी हास्य फिल्म में भी काम किया।

 

साल 2009 में आई 'थ्री इडियट्स' और हाल ही में आई “बॉडीगार्ड” ने भी करीना के खाते में कामयाबी डाली। शाहरुख खान के साथ 'रॉ वन' और सैफ के साथ एजेंट विनोद जैसी फिल्‍में कुछ खास नहीं कर पायीं।

 

एक समय था जब करीना और शाहिद कपूर के प्रेम के अफसाने मशहूर थे। दोनों को बॉलीवुड का हॉट कपल माना जाता था। लेकिन, फिल्‍म 'टशन' के सेट पर करीना और सैफ की मोहब्‍बत परवान चढ़ी और शाहिद के साथ उनके संबंध का अंत हो गया। तमाम उतार चढ़ाव के बाद भी रिश्‍ता अब भी कायम है। और जल्‍द ही दोनों शादी भी करने वाले हैं।


2004 - फिल्म चमेली के लिए फिल्म फेयर अवार्ड फॉर स्पेशल परफॉर्मेंश।
2004 - फिल्म देव के लिए फिल्म फेयर क्रिटिक्स अवार्ड फॉर बेस्ट एक्ट्रेस।
2006 - फिल्म ओंकारा फिल्म फेयर क्रिटिक्स अवार्ड फॉर बेस्ट एक्ट्रेस।
2007 - फिल्म जब वी मेट के लिए फिल्म फेयर बेस्ट एक्ट्रेस का अवार्ड।
2010 - फिल्म वी आर फैमिली के लिए सर्वश्रेष्ठ सह अभिनेत्री का फिल्म फेयर अवार्ड।

More from: Personality
33083

ज्योतिष लेख

मकर संक्रांति 2020 में 15 जनवरी को पूरे भारत वर्ष में मनाया जाएगा। जानें इस त्योहार का धार्मिक महत्व, मान्यताएं और इसे मनाने का तरीका।

Holi 2020 (होली 2020) दिनांक और शुभ मुहूर्त तुला राशिफल 2020 - Tula Rashifal 2020 | तुला राशि 2020 सिंह राशिफल 2020 - Singh Rashifal 2020 | Singh Rashi 2020