Samanya RSS Feed
Subscribe Magazine on email:    

जेल प्रशासन ने अमर की हेल्थ रिपोर्ट में सबकुछ बताया ठीक, जमानत टली

cash for vote case, amar sing bail appeal on medical ground


9 सितम्बर 2011

नई दिल्ली। नोट के बदले वोट कांड में समाजवादी पार्टी के पूर्व महासचिव अमर सिंह को अभी जेल की रोटी ही खानी पड़ेगी। दिल्ली की एक अदालत ने शुक्रवार को अमर सिंह को जमानत याचिका को 12 सितंबर तक के लिए स्थगित कर दिया है। अदालत ने कहा है कि अमर सिंह अभी स्वस्थ्य हैं और उन्हें जेल में रहने दिया जाए।

इससे पहले जेल ने न्यायालय को बताया कि तिहाड़ जेल में मेडिकल जांच में अमर सिंह की तबीयत ठीक पाई गई है। फिलहाल अमर सिंह को 12 सितंबर तक जेल में रहना होगा। तीस हजारी न्यायालय अब अंतरिम जमानत याचिका पर 12 तारीख को सुनवाई करेगा।

अमर सिंह (55) को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया था। उन्हें 19 सितम्बर तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

विशेष न्यायाधीश संगीता ढींगरा सहगल ने अमर द्वारा अंतरिम जमानत के लिए दायर याचिका की सुनवाई शुक्रवार तक के लिए स्थगित कर दी। उन्होंने तिहाड़ जेल के अधिकारियों से अमर के स्वास्थ्य सम्बंधी रिपोर्ट शुक्रवार को सुबह 11 बजे तक पेश करने का निर्देश दिया था।

अमर ने अदालत में स्वास्थ्य के आधार पर अंतरिम जमानत के लिए याचिका दायर की थी।

बचाव पक्ष के वकील ने कहा, "अमर सिंह ठीक नहीं हैं। वह मधुमेह, तनाव, क्षयरोग के संक्रमण, किडनी, पेशाब में संक्रमण सम्बंधी बीमारियों से जूझ रहे हैं। ऐसे में यदि उन्हें जेल में रखा जाता है तो उनका स्वास्थ्य खराब होगा।"

उन्होंने कहा कि जेल में अमर को सार्वजनिक शौचालय इस्तेमाल करने के लिए बाध्य किया जाता है। यह पेशाब में संक्रमण की समस्या से जूझ रहे किडनी रोगी के लिए ठीक नहीं है। चिकित्सकों ने उन्हें जीवाणु रहित वातावरण में रहने की सलाह दी है।

इसपर तिहाड़ जेल प्रशासन ने शुक्रवार को दिल्ली की एक अदालत को बताया कि अमर सिंह को एक अलग सेल में साफ सुथरे माहौल में रखा गया है। तिहाड़ जेल प्रशासन ने मामले की सुनवाई कर रहीं जज संगीता ढींगरा सहगल को यह जानकारी फैक्स के जरिए भेजी गई रिपोर्ट में दी। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अमर सिंह के कुछ मेडिकल टेस्ट के नतीजों का अभी इंतजार है।

अदालत ने बचाव पक्ष के वकील से अमर के स्वास्थ्य से जुड़ी पूरी रिपोर्ट 12 सितम्बर से पहले मुहैया कराने का निर्देश दिया।

बचाव पक्ष के वकील ने कहा कि सांसद के इलाज के क्रम में उन्हें दवाइयां दी जा रही हैं। उनका हर तीसरे सप्ताह चिकित्सक के पास जाना आवश्यक रहता है।

वकील ने कहा, "मेरे मुवक्किल को कल (शुक्रवार) सिंगापुर में चिकित्सक ने सुबह 11 बजे बुलाया है लेकिन दुर्भाग्य से वह तिहाड़ में हैं।"

उन्होंने उस अस्पताल द्वारा नौ जुलाई को जारी एक रिपोर्ट का जिक्र किया जहां अमर का गुर्दा प्रत्यारोपण हुआ था। रिपोर्ट में कहा गया है कि उनके कुछ महत्वपूर्ण अंग सामान्य नहीं हैं।

वकील ने कहा, "मेरे मुवक्किल उधार की किडनी पर जीवित हैं और अब वह भी खराब हो रही है। दूसरी किडनी भी फेल होने की स्थिति में है। हमारा कानून सहानुभूतिशील है और ऐसे मसले को समझ सकता है।"

उल्लेखनीय है कि अमर सिंह के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दो पूर्व सांसदों-फगन सिंह कुलस्ते तथा महावीर भगोरा को भी मंगलवार को गिरफ्तार किया गया था।

22 जुलाई 2008 को विश्वास मत के दौरान मनमोहन सिंह सरकार के पक्ष में मत देने के लिए कथित तौर पर विपक्षी सांसदों को रिश्वत दी गई थी। भाजपा के तीन सांसदों ने लोकसभा में नोटों की गड्डियां लहराई थीं।

More from: samanya
24743

ज्योतिष लेख

मकर संक्रांति 2020 में 15 जनवरी को पूरे भारत वर्ष में मनाया जाएगा। जानें इस त्योहार का धार्मिक महत्व, मान्यताएं और इसे मनाने का तरीका।

Holi 2020 (होली 2020) दिनांक और शुभ मुहूर्त तुला राशिफल 2020 - Tula Rashifal 2020 | तुला राशि 2020 सिंह राशिफल 2020 - Singh Rashifal 2020 | Singh Rashi 2020