
5 जून 2012
मुम्बई। अभिनेत्री श्रीदेवी फिल्म 'इंग्लिश विंग्लिश' से बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं। निर्माता आर.बाल्की कहते हैं कि यह फिल्म श्रीदेवी को दिमाग में रखकर ही लिखी गई। बाल्की की पत्नी गौरी शिंदे इसका निर्देशन कर रही हैं।
बाल्की ने मीडिया से कहा, "मेरे लिए 'इंग्लिश विंग्लिश' बहुत खास फिल्म है क्योंकि इसे श्रीदेवी की वापसी की फिल्म माना जा रहा है। वह सम्भवत: सबसे अच्छी कलाकारों में से एक हैं। श्रीदेवी को दिमाग में रखकर ही इस फिल्म को लिखा गया।"
श्रीदेवी ने 'सदमा', 'चांदनी', 'चालबाज', 'मि. इंडिया' और 'लम्हे' जैसी फिल्मों में अभिनय किया है। उनकी अंतिम फिल्म 1997 में आई 'जुदाई' थी।
'इंग्लिश विंग्लिश' फिल्म में श्रीदेवी ने एक ऐसी महिला की भूमिका निभाई है, जो अंग्रेजी बोलने के लिए संघर्ष करती है।
बाल्की ने बताया, "वह एक साधारण महिला की भूमिका निभा रही हैं जो अंग्रेजी भाषा सीखने के लिए जद्दोजहद करती है। भारत में एक बड़ी समस्या यह है कि यहां आपको खुद को उच्च वर्गीय दिखाने के लिए या पैसे की जरूरत होती है या प्रसिद्धि की या फिर आपको अंग्रेजी आनी चाहिए।"
उन्होंने कहा, "यहां बहुत संघर्ष है। कुछ लोग खुद को इसलिए असुरक्षित महसूस करते हैं कि उन्हें अंग्रेजी नहीं आती। फिल्म यही दिखाती है।" बाल्की 'चीनी कम' और 'पा' जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं।