मुंबई, 13 अगस्त।
प्रेमी बदला, तो दुश्मनी भी खत्म हो गई। एक स्टेज शो में शाहिद कपूर के डांस प्रोग्राम को लेकर आमने-सामने आए सलमान-करीना का झगड़ा खत्म हुए काफी वक्त बीत गया और उनके बीच की दोस्ती कितनी मजबूत हुई है-ये अब आने वाली फिल्म “मैं और मिसेज खन्ना” में उनकी कैमिस्ट्री से पता चलेगा।
सलमान खान और करीना कपूर इससे पहले 'क्यूं कि..' में साथ साथ आ चुके हैं, लेकिन अपने उस वक्त के प्रेमी शाहिद कपूर की वजह से हुए सलमान से झगड़े के चलते करीना ने उनके साथ फिल्म से इंकार कर दिया था। हालांकि,सलमान ने इस बाबत कभी मुंह नहीं खोला।
दिलचस्प है कि करीना से पहले मैं और मिसेज खन्ना में मुख्य भूमिका के लिए प्रियंका चोपड़ा को साइन किया गया था। प्रियंका से तारीखों की समस्या के बाद लारा दत्ता को साइन किया गया। लेकिन, लारा को भी फिल्म से जल्द बाहर कर दिया गया। इसकी वजह आज तक पता नहीं चल सकी। और आखिर में फिल्म करीना कपूर की झोली में आ गिरी।
सलमान खान ने करीना कपूर की बहन करिश्मा कपूर के साथ जुड़वां और बीबी नंबर-1 जैसी कई हिट फिल्में दी हैं,लेकिन करीना कपूर के साथ उन्हें पहली हिट का इंतज़ार है। मैं और मिसेज खन्ना में यह जोड़ी क्या कमाल दिखाती है-ये जल्द पता चल जाएगा।
फिल्म के निर्देशक प्रेम सोनी की यह पहली फिल्म है,और यह पहला मौका है,जब करीना कपूर किसी नए निर्देशक की पहली फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रही हैं। हालांकि,करीना का कहना है-प्रेम टेलेंटेंड है। लेकिन,अगर वो टेलेंटेड नहीं भी होता,तो भी मैं ये फिल्म करती। क्योंकि,मैं और मिसेज खन्ना करने की वजह निर्देशक नहीं सलमान खान है।