HindiLok Mobile edition
मुख्य पृष्ठ | राशिफल | खेल | बॉलीवुड

समय से पूरी होगी मधुर की 'हीरोइन'? शायद हां !
23 जून 2011

मुंबई। ऐश्वर्या राय बच्चन के मां बनने की खबरों के बीच बड़ा सवाल मधुर भंडारकर की नयी फिल्म हीरोइन को लेकर है। फिल्मी पंडितों के बीच यह सवाल चर्चा का विषय है कि क्या अब यह फिल्म समय से पूरी हो पाएगी? इस फिल्म के लिए ऐश्वर्या ने पांच दिनों की शूटिंग कर ली है। मधुर भंडारकर को पांच दिनों की शूटिंग के दौरान इस बात का बिलकुल अहसास नहीं था कि ऐश्वर्या गर्भवती हैं। हालांकि, उन्हें ऐश्वर्या के बढ़ते वजन का अंदाजा था।

मधुर भंडारकर की नयी फिल्म 'हीरोइन' बनने से पहले ही चर्चा में थी। इसकी दो बड़ी वजह हैं। एक तो फिल्म की कहानी ऐश्वर्या-सलमान की प्रेम कहानी से कुछ हद तक प्रेरित बतायी जा रही है। दूसरा, इस फिल्म में ऐश्वर्या का एक बोल्ड दृश्य, जिसे लेकर अमिताभ बच्चन ने कथित तौर पर नाराजगी जताई थी। इस फिल्म के कुछ सीन में ऐश्वर्या को थोड़ा मोटा दिखना है, और अभी तक निर्देशक मधुर यही समझ रहे थे कि ऐश ने इन दृश्यों के लिए अपना वजन बढ़ाया है।

हालांकि,ऐसा नहीं है कि ऐश्वर्या के मां बनने की खबर से मधुर भंडारकर दुखी हैं। ऐश्वर्या-अभिषेक और अमिताभ बच्चन को बधाई देने वालों में मधुर भंडारकर भी शामिल हैं और उन्हें लगता है कि फिल्म समय से पूरी हो जाएगी। बावजूद इसके कि ऐश्वर्या गर्भवती हैं और उनसे अब उस तरह काम कराना संभव नहीं होगा, जिस तरह मधुर ने सोचा है। सूत्रों की मानें तो मधुर भंडारकर अब जुलाई तक फिल्म का पूरा शिड्यूल खत्म करने के मूड में हैं। हां, शूटिंग के दौरान कुछ दृश्यों में कैमरा एंगल बदला जाएगा और संभव है कि फिल्म की कहानी में भी थोड़ा फेरबदल किया जाए।


ऐश्वर्या के लिए फिलहाल सबसे बड़ी प्राथमिकता अपने स्वास्थ्य का देखभाल की होगी लिहाजा इस बीच बड़ा सवाल यही है कि क्या अब वे मधुर की हीरोइन को समय देंगी। मधुर को भरोसा है। अलबत्ता फिल्मी पंडितों को आशंका। देखना यही है कि कौन सही साबित होता है। हां, इतना तय है कि ऐश्वर्या ने शूटिंग शुरु की तो फिल्म जल्दी खत्म होगी और फिर नवंबर तक रिलीज हो सकती है।

Home | About Us | Feedback | Privacy Policy | Terms