
6 जून 2012
नई दिल्ली। प्यार का पंचनामा' साल 2011 की छोटे बजट की सफलतम फिल्म थी। तभी से दर्शक इसके अगले संस्करण का इंतजार कर रहे हैं। अब निर्देशक लव रंजन कहते हैं कि इसके लिए दर्शकों को अगले साल तक और प्रतीक्षा करनी होगी।
रंजन ने मीडिया से कहा, "मैं फिलहाल 'प्यार का पंचनामा 2' नहीं बना रहा हूं। मैं अगले साल इसे बनाऊंगा।"
'प्यार का पंचनामा' प्यार में पड़े तीन लड़कों रज्जो, लिक्विड व चौधरी की कहानी थी। कार्तिक तिवारी, दिव्येंदु शर्मा व रायो बाखिरता ने इसमें अभिनय किया था। नुशरत भरूचा, सोनाली सहगल व इशित शर्मा ने भी इसमें भूमिका की थी।
जब उनसे पूछा गया कि क्या वह नए संस्करण में भी पुराने कलाकार ही लेंगे तो उन्होंने कहा कि यह पटकथा की मांग पर निर्भर करता है।
रंजन ने कहा, "यह पूरी तरह से इस बात पर निर्भर करता है कि पटकथा कैसा आकार लेती है। यदि पटकथा की रज्जो, लिक्विड व चौधरी की मांग होगी तो मैं उन्हीं लोगों के साथ फिल्म बनाऊंगा।"
उन्होंने कहा, "यदि मुझे लगेगा कि मैं तीन किरदारों के साथ अलग कहानी पर फिल्म बनाऊं तो मैं तीन नए कलाकार ले सकता हूं।"