मराठी बाला सोनाली कुलकर्णी के खाते में ‘दिल चाहता है’ और ‘मिशन कश्मीर’ जैसी चंद सफल फिल्में हैं, लेकिन कई सितारों वाली इन फिल्मों में सोनाली अपनी खास पहचान नहीं बना पाईं। अब सोनाली की उम्मीदें शैडो से हैं,जो इस शुक्रवार को रीलिज हो रही है। 'शैडो' को सोनाली अपने करियर की अहम फिल्म मान रही हैं।
अपने संवेदनशील अभिनय के लिए मशहूर सोनाली इस फिल्म में खतरनाक ऐक्शन करती नजर आएंगी। सोनाली शैडो के बारे में कहती हैं, मुझे खुशी है कि शैडो पूरी तैयारी के साथ रिलीज होने जा रही है। इसमें मनोरंजन के सारे तत्व मौजूद हैं। इसमें ऐक्शन, मिस्ट्री, ड्रामा और डांस है। मुझे पूरी उम्मीद है कि इसे देखने वाले दर्शक निराश नहीं होंगे। अपनी भूमिका के बारे में वे बताती हैं कि मैं एक इंवेस्टिगेशन ऑफिसर की भूमिका निभा रही हूं। मेरे कैरेक्टर का नाम संजना राजपूत है। फिल्म में मुझे दर्शक ऐक्शन करते हुए देखेंगे। मैंने दो गानों में डांस भी किया है। दोनों गाने बेहद अच्छी तरह फिल्माए गए हैं। गणेश आचार्य ने उन गानों की कोरियोग्राफी की है। कुल मिलाकर कह सकती हूं कि शैडो में अपने एक्टिंग करियर की सबसे अहम भूमिका निभा रही हूं।
दिलचस्प है कि अभिनय में बुरे दौर से गुजरते हुए सोनाली ने अक्षय कुमार के रिएलिटी शो फियर फेक्टर में हिस्सा लिया, और उसी शो का आत्मविश्वास उन्हें इस फिल्म मे ऐक्शन दृश्य करने में मददगार रहा। वो कहती हैं,शैडो में जितने भी ऐक्शन सीन हैं, मैंने खुद किए हैं। शूटिंग के दौरान मुझे पता चला कि मैं भी खतरनाक स्टंट कर सकती हूं। वे ऐक्शन दृश्यों की शूटिंग का यादगार लमहा बताती हैं, चेज सीन की शूटिंग हो रही थी। अलग-अलग वॉटर स्कूटर पर मैं और मिलिंद सोमन थे। हम एक गाड़ी का पीछा कर रहे थे। तभी अचानक एक गाड़ी मेरे स्कूटर से टकराया और मैं पानी में गिर गई। बहुत समय तक किसी को पता भी नहीं चला कि मैं पानी में गिर गई हूं। कुछ देर बाद सबको यह बात पता चली, तब मुझे पानी से निकाला गया।
मिलिंद सोमन और नवोदित अभिनेता नसीर के साथ अभिनय का अनुभव कैसा रहा? सोनाली बताती हैं कि मिलिंद सुलझे हुए आर्टिस्ट हैं, यह सभी जानते हैं, लेकिन नसीर इस फिल्म में सबको चौंकाएंगे। वे ब्लाइंड हैं, फिर भी उन्होंने जो अभिनय किया है, उसे देखकर दर्शक दांतों तले उंगली दबा लेंगे। शूटिंग के दौरान कई बार तो मैं भी सोचने को मजबूर हो जाती थी कि नसीर सच में ब्लाइंड हैं या नहीं!
बहरहाल, सोनाली कुलकर्णी की सारी उम्मीदें शैडो से हैं क्योंकि हाल के दौर में उनकी कोई फिल्म रीलिज नहीं हुई है, और इस फिल्म पर उनका भावी बॉलीवुड करियर टिका हुआ है।