
27 जून 2011
मुंबई। निर्देशक राजकुमार संतोषी की किस्मत मधुर भंडारकर से थोड़ी अच्छी है। उनकी अगली फिल्म लेडीज एंड जेंटलमैन में एश्वर्या राय थी। लेकिन, ऐश ने अभी फिल्म की शूटिंग शुरु नहीं की थी, लिहाजा संतोषी के पास यह फैसला करने का अवसर था कि वह फिल्म में किसी दूसरी अभिनेत्री को ले लें। संतोषी ने ऐसा ही किया। और अब खबर है कि एश्वर्या की जगह प्रीति जिंटा फिल्म में मुख्य भूमिका में होंगी। फिल्म के नायक अभिषेक बच्चन हैं।
प्रीति जिंटा के पास इस वक्त कोई बड़ी फिल्म नहीं है। ऐसे में ऐश्वर्या के मां बनने की खबर उनके लिए लॉटरी लगने सरीखी ही है। राजकुमार संतोषी जैसे बड़े निर्देशक की फिल्म से प्रीति के करियर में एक बार फिर उछाल आ सकता है। और वह भी इस बात को बखूबी समझ रही हैं।
‘लेडिज एंड जेंटलमैन’ फिल्म की शूटिंग संतोषी जुलाई में शुरु करेंगे और फिल्म को इसी साल रिलीज करने की भी उनकी योजना है। वैसे, इस बाबत अभी औपचारिक घोषणा होना अभी बाकी है, लेकिन माना जा रहा है कि संतोषी ने अपना मन बना लिया है और उन्होंने इस बारे में बच्चन परिवार को भी बता दिया है।
प्रीति जिंटा की अभिषेक बच्चन से पुरानी दोस्ती है, लिहाजा किसी को उनका नाम आने पर आपत्ति नहीं है। वैसे, प्रीति ने इससे पहले एश्वर्या को मां बनने की खबर पर बधाई दी थी।