HindiLok Mobile edition
मुख्य पृष्ठ | राशिफल | खेल | बॉलीवुड

..जब अनुपम की मां अपने बेटे को नहीं पहचान सकीं

20 अप्रैल 2011

मुम्बई। ऐसा माना जाता है कि एक मां अपने बच्चों को पहचानने में कभी गलती नहीं कर सकती और वह दूर से ही अपने बच्चों को पहचान लेती है लेकिन प्रख्यात अभिनेता अनुपम खेर की मां उन्हें उनके मेकअप के चलते नहीं पहचान सकीं।

अनुपम अपनी आने वाली फिल्म 'जोकोमोन' में दोहरी भूमिकाएं निभा रहे हैं। एक किरदार में तो वह जैसे हैं वैसे ही दिखेंगे लेकिन दूसरे किरदार में वह फ्रांस से आए मेकअप विशेषज्ञों की मदद से एकदम अलग नजर आएंगे।

अनुपम ने बताया, "मुझे इस बाती की खुशी है कि फिल्म के एक विशेष प्रदर्शन के दौरान मेरी मां यह नहीं पहचान सकीं कि दूसरे किरदार में भी मैं ही हूं। फिल्म के बीच इंटरवल में मैंने उनसे कहा कि यह कोई रूसी अभिनेता है तो उन्होंने वास्तव में इस पर विश्वास कर लिया। इससे साबित होता है कि वह किरदार बहुत वास्तविक है।"

वाल्ट डिजनी स्टूडियो के निर्माण में बनी 'जोकोमोन' का लेखन व निर्देशन सत्यजीत भटकल ने किया है। यह फिल्म 22 अप्रैल शुक्रवार को प्रदर्शित होगी।


Home | About Us | Feedback | Privacy Policy | Terms