नई दिल्ली,19 मार्च
राखी सावंत, राहुल महाजन और युवराज सिंह। जी हां, अभी तक अटकलें यहीं थी कि राखी सावंत और राहुल महाजन के स्वयंवर रचाने के बाद भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह भी स्वयंवर रचाने का मन बना चुके हैं। युवराज सिंह को इस बाबत प्रस्ताव मिला था, और कहा जा रहा था कि युवराज ने प्रस्ताव स्वीकार कर लिया है और वो आईपीएल के बाद शो का हिस्सा होंगे।
लेकिन,भारतीय क्रिकेट के प्रिंस कहे जाने वाले धुरंधर बल्लेबाज युवराज सिंह ने स्वयंवर करने से इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि वह कभी स्वयंवर नहीं करेंगे।
युवराज ने एक निजी टीवी चैनल के साथ साक्षात्कार में कहा कि उनसे एक चैनल ने टीवी पर स्वयंवर के लिए संपर्क किया था लेकिन उन्होंने इससे साफ इनकार कर दिया था। युवराज ने कहा कि उन्होंने अपनी मां से बात की थी और वह स्वयंवर जैसी किसी चीज के बारे में बात कर रही थीं जो वह नहीं समझ पाए कि वह क्या है।
उन्होंने कहा कि उनकी मां ने उन्हें तब समझाया कि इसमें क्या होता है क्योंकि वह इस तरह की काफी सीरियल देखती हैं। वह तो इस बात से चौंक ही गए थे और उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि मैं ऐसा कुछ करूंगा। युवराज ने कहा कि वे कोई स्वयंवर करने नहीं जा रहे। वे अपने खेल से खुश हैं और सारा ध्यान हमेशा खेल पर लगा रहता है।
यह पूछने पर कि बहुत लड़कियां उनसे शादी करना चाहती है और कई तो उनके होटल के बाहर भी इंतजार करती हैं उन्होंने कहा कि आप रियलिटी प्रोग्राम के बारे में तो जानते ही हैं कि इनमें क्या दिखाया जाता है। मेरा ध्यान सिर्फ अपने खेल पर है क्योंकि पिछले कुछ समय से चोटों के कारण मैं छह महीने पिछड़ चुका हूं और मेरे लिए बाहर बैठना काफी निराशाजनक रहा था। मैं पूरी तरह फिट रहना चाहता हूं और इस वर्ष जमकर क्रिकेट खेलना चाहता हूं।
इसी कार्यक्रम में युवराज से किंग्स इलेवन पंजाब की मालकिन प्रीति जिंटा से उनके संबंधों के बारे में पूछा गया तो युवराज ने मजाकिया अंदाज में कहा- प्रीति बहन और मां जैसी हैं,लेकिन मेरी नहीं।