चेन्नई, 14 मार्च
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के तीसरे संस्करण में एमए चिंदबरम स्टेडियम में रविवार को खेले जा रहे एक मुकाबले में डेक्कन चार्जर्स ने चेन्नई सुपर किंग्स के सामने जीत के लिए 191 रनों का लक्ष्य रखा है।
डेक्कन चार्जर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 190 रन बनाए। चार्जर्स की ओर से एंड्रयू सायमंड्स ने 50, हर्शल गिब्स ने 45 और एडम गिलक्रिस्ट ने 38 रन बनाए।
चार्जर्स का पहला विकेट सलामी बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट के रूप में गिरा। उन्होंने 17 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के की मदद से 38 रन बनाए। वह अश्विन की गेंद पर बोल्ड हो गए। वीवीएस लक्ष्मण 11 गेंदों में दो चौके की मदद से 12 रन बनाकर रन आउट हो गए।
हर्शल गिब्स ने 36 गेंदों में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 45 रन बनाए। एंड्र्यू सायमंड्स ने 43 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्के की मदद से 50 रन बनाए।
गिलक्रिस्ट को छोड़ चार्जर्स के तीन बल्लेबाज लक्ष्मण, गिब्स और सायमंड्स रन आउट हुए। सुपर किंग्स के गेंदबाज अश्विन को एक विकेट मिला।
डेक्कन चार्जर्स का यह दूसरा मैच है। शुक्रवार को खेले गए पहले मुकाबले में उसे कोलकाता नाइट राइर्ड्स के हाथों 11 रनों से पराजय का सामना करना पड़ा था।