बेंगलुरू, 18 मार्च
इंफोसिस फाउंडेशन की न्यासी सुधा मूर्ति ने कन्नड़ फिल्म 'प्रार्थाने' के लिए बेहतरीन दृश्य दिए हैं। यह उनकी पहली फिल्म है।
फिल्म के निर्देशक सदाशिव शिनॉय कहते हैं, "सब कुछ अच्छी तरह हो गया। सुधा मूर्ति ने फिल्म के लिए बेहतरीन दृश्य दिए। उन्होंने प्रत्येक दृश्य एक या दो बार में पूरा कर लिया।"
इंफोसिस के सह-संस्थापक एन. आर. नारायण मूर्ति की पत्नी सुधा मूर्ति ने इस फिल्म के लिए एक दिन का शूटिंग कार्यक्रम बुधवार को पूरा कर लिया। वह फिल्म के कुछ अंतिम दृश्यों में नजर आएंगी।
'प्रार्थाने' कन्नड़ भाषा और संस्कृति की प्रधानता पर केंद्रित है। फिल्म आर्थिक सुधारों के दौर में कन्नड़ की स्थिति को उजागर करती है।
शिनॉय ने बताया कि मूर्ति पहले इस भूमिका के लिए तैयार नहीं थी लेकिन उन्होंने फिल्म की पटकथा सुनाकर उन्हें इस भूमिका के लिए राजी कर लिया।
उन्होंने बताया कि सुधा मूर्ति ने कन्नड़ भाषा और संस्कृति को बढ़ावा देने वाले एक एम्बेस्डर की भूमिका की है।
फिल्म में अनंत नाग, पवित्र लोकेश और प्रकाश राज ने भी अभिनय किया है।
मूर्ति इससे पहले कन्नड़ टेलीविजन धारावाहिक 'प्रीथी इलाडा मीले' में अभिनय कर चुकी हैं। उन्होंने कन्नड़ भाषा में किताबें भी लिखी हैं। उनकी कुछ कहानियों और उपन्यासों पर कन्नड़ और हिंदी में धारावाहिक भी बने हैं।