नई दिल्ली, 18 मार्च
पाकिस्तान में बॉलीवुड की नई फिल्म 'लाहौर' पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। प्रतिबंध से निराश हुए निर्देशक संजय पूरन चौहान कहते हैं कि यह एक अलग तरह की और संतुलित फिल्म है। वह कहते हैं कि यह पूर्वाग्रह से ग्रस्त फिल्म नहीं है।
चौहान ने कहा, "'लाहौर' बॉलीवुड की एक ठेठ व्यावसायिक फिल्म नहीं है। यह पाकिस्तान को कोसने वाली फिल्म नहीं है। यह एक बहुत अलग तरह की और संतुलित परियोजना थी जिसमें दोनों ही देशों के खिलाफ कोई नकारात्मकता या पूर्वाग्रह नहीं हैं। हम इस फिल्म को वहां (पाकिस्तान) प्रदर्शित करने के लिए बहुत उत्साहित थे लेकिन अब हम निराश हैं।"
किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म शुक्रवार को दुनियाभर में प्रदर्शित हो रही है। यह फिल्म बताती है कि दोनों देशों की राजनीति और धर्म के बंधन ने खेल के माहौल को किस तरह से बर्बाद कर दिया है।
चौहान के मुताबिक पाकिस्तान के निर्माता एवं वितरक राशिद ख्वाजा ने फिल्म के निर्माता विवेक खाटकर से कहा है कि वह फिल्म के अधिकार खरीदना चाहते हैं। यद्यपि पाकिस्तान सेंसर बोर्ड ने फिल्म के कुछ संवादों और दृश्यों पर आपत्ति जताई है और फिल्म पर प्रतिबंध लगा दिया है।
फिल्म की शूटिंग दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, लोनावाला, मलेशिया और लाहौर में हुई है।
निर्देशक खुद ही फिल्म को लाहौर में फिल्माना चाहते थे लेकिन वीजा न मिलने के कारण वह ऐसा नहीं कर सके। बाद में उन्होंने विदेशी फिल्मकारों से पाकिस्तान में फिल्म की शूटिंग कराई।
लाहौर का विभिन्न फिल्म समारोहों में पहले ही प्रदर्शन हो चुका है।