नई दिल्ली, 29 जुलाई
मौजूदा राष्ट्रमंडल चैम्पियन भारत की पुरुष टेबुल टेनिस टीम अक्टूबर में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के मद्देनजर चीन में प्रशिक्षण प्राप्त करेगी।
भारत के अचंता शरत कमल राष्ट्रमंडल खेलों के मौजूदा एकल स्वर्ण पदक विजेता हैं। चीन में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले दल में उनके अलावा आठ पुरुष और नौ महिला खिलाड़ी शामिल होंगी।
भारतीय टीम चीन में चाइना ओपन में हिस्सा लेगी, जो 12 अगस्त से शुरू हो रहा है। इसके बाद भारतीय खिलाड़ी एक महीने वहीं रूककर राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारी करेंगे।
भारतीय टेबल टेनिस महासंघ (टीटीएफआई) के महासचिव धनराज चौधरी ने बताया, "भारतीय खिलाड़ी चीन ओपन में हिस्सा लेने के बाद वहीं रूक जाएंगे। भारतीय खिलाड़ी 12 सितंबर तक झेनडिंग में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। हमने यह कार्यक्रम इस तरह तैयार किया है कि पुरुष खिलाड़ी अपना स्वर्ण पदक बचाने में सफल हो सकें और महिलाएं कांस्य पदक से बेहतर प्रदर्शन कर सकें।"
"हम यह भी चाहते हैं कि कमल अपना एकल खिताब बरकरार रखें और यही कारण है कि हमने अपने खिलाड़ियों को अच्छे माहौल में प्रशिक्षण के लिए भेजने का फैसला किया है।"
भारतीय खिलाड़ी भी महासंघ की इस पहल से खुश हैं। खिलाड़ियों का मानना है कि चीन में अभ्यास करने के बाद उनके अंदर अलग तरह के आत्मविश्वास का संचार होगा और वे पदक जीतने को लेकर अधिक आश्वस्त हो जाएंगे।
शरत ने कहा, "प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धा के लिए चीन से बढ़कर और कोई स्थान नहीं। हम सही वक्त पर चीन में अभ्यास के लिए जा रहे हैं। चीन राष्ट्रमंडल का हिस्सा नहीं है लेकिन वहां हमें सिंगापुर और मलेशिया जैसे देशों के खिलाड़ियों के साथ खेलने का मौका मिलेगा, जो राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेंगे। ऐसे में यह दौरा हमारे लिए बेहद फायदेमंद रहेगा।"
मिस्र और अमेरिका में एक-एक करके दो खिताब जीत चुके शरत ने कहा कि वह राष्ट्रमंडल खेलों से पहले 30वीं वरीयता हासिल कर लेना चाहते हैं। फिलहाल वह विश्व के 76वें वरीयता प्राप्त खिलाड़ी हैं।