अहमदाबाद, 15 मार्च
विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग की 34 गेंदों पर 75 रनों की धुआंधार पारी की बदौलत दिल्ली डेयरडेविल्स ने मोटेरा स्थित सरदार पटेल स्टेडियम में सोमवार को राजस्थान रॉयल्स को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के तीसरे संस्करण के तहत सोमवार को खेले गए प्रतियोगिता के छठे मुकाबले में छह विकेट से पराजित कर दिया।
राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली के समक्ष जीत के लिए 142 रनों का लक्ष्य रखा था। दिल्ली ने चार विकेट के नुकसान पर 17 गेंदें शेष रहते यह लक्ष्य हासिल कर लिया। इस प्रतियोगिता में दिल्ली की यह लगातार दूसरी जीत है जबकि राजस्थान की यह लगातार दूसरी हार है।
ज्ञात हो कि दिल्ली और राजस्थान की टीमें इस प्रतियोगिता में अपना दूसरा मैच खेल रही थीं। राजस्थान को अपने पहले मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ एक रोमांचक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था वहीं दिल्ली की टीम ने अपने पहले मैच में किंग्स इलेवन पंजाब को पांच विकेट से मात दी थी।
राजस्थान की ओर से जीत के लिए रखे गए 142 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली के लिए सहवाग और कप्तान गौतम गंभीर ने पारी की शुरुआत की। पारी के चौथे ओवर में दिल्ली ने गंभीर और तिलकरत्ने दिलशान के विकेट गंवा दिए।
राजस्थान की ओर से दिमित्री मैसकेरनहास ने गंभीर और दिलशान के विकेट चटकाए। गंभीर ने नौ रन बनाए जबकि दिलशान अपना खाता भी नहीं खोल सके। दिल्ली की ओर से सहवाग ने 34 गेंदों पर धुआंधार 75 रन बनाए। उन्होंेने इस पारी के दौरान आठ चौके तथा पांच छक्के लगाए। वह दसवें ओवर की आखिरी गेंद पर मुनाफ पटेल की गेंद पर आउट हुए। ग्रीम स्मिथ ने उनका शानदार कैच पकड़ा।
दिनेश कार्तिक ने अपनी टीम के लिए 23 और मिथुन मिन्हास ने 12 रन बनाए। दोनों अंत तक नाबाद रहे।
इससे पहले, राजस्थान ने निर्धारित 20 ओवरों के खेल में छह विकेट गंवाकर 141 रन बनाए। उसकी तरफ से अभिषेक झुनझुनवाला ने सर्वाधिक 53 रन बनाए। पारस डोगरा ने 29 और नमन ओझा ने 24 रन बनाए।
दिल्ली की कसी हुई गेंदबाजी के समक्ष झुनझुनवाला को छोड़कर राजस्थान को कोई भी बल्लेबाज खुलकर नहीं खेल सका। राजस्थान की ओर से स्वप्निल असनोदकर और ग्रीम स्मिथ ने पारी की शुरुआत की। दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर आसनोदर के रूप में राजस्थान का पहला विकेट गिरा। उन्होंने पांच रन बनाए। उन्हें डिर्क नान्स ने आउट किया।
पांचवें ओवर की पांचवी गेंद पर ओझा भी चलते बने। उन्होंने 24 रनों की पारी खेली। अमित मिश्रा ने उन्हें बोल्ड किया।
पिछले मैच में महज 37 गेंदों पर शतक जड़ने वाले यूसुफ पठान आज अपना खाता भी नहीं खोल सके। परवेज माहरूफ की एक गेंद पर वह एवी डिविलियर्स को अपना कैच थमा बैठे। नौवें ओवर की पहली गेंद पर स्मिथ भी पेवेलियन लौट गए। उन्होंने 18 रनों की पारी खेली। उन्हें बाएं हाथ के मध्यम गति के तेज गेंदबाज प्रदीप सांगवान ने आउट किया।
इसके बाद पारस डोगरा और दिमित्री मैसकेरनहास भी जल्दी-जल्दी रन आउट हुए। पारी की आखिरी गेंद पर झुनझुनवाला ने चौका जड़कर अपना अर्धशतक पूरा किया।
दिल्ली की ओर से नान्स, मिश्रा, माहरूफ और सांगवान को एक-एक विकेट मिले जबकि राजस्थान के दो खिलाड़ी रन आउट हुए।