नई दिल्ली, 15 मार्च
ज्यूलरी डिजाइनर फरहा अली खान इस महीने के आखिर में होने वाले ‘विल्स लाइफस्टाइल इंडिया फैशन वीक’ (डब्ल्यूआईएफडब्ल्यू) के लिए ‘विल्स ट्विटर चेहरा’ चुन ली गई हैं। फरहा सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर पर फैशन सप्ताह से जुड़े समाचार देंगी।
फरहा 24 मार्च से शुरू हो रहे पांच दिवसीय फैशन शो में हर दिन उपस्थित रहेंगी और फैशन सप्ताह से जुड़ी प्रतिदिन की खबरों को ट्विटर पर लिखेंगी। फरहा को ‘विल्स ट्विटर चेहरा’ चुने जाने के बाद डिजाइनरों में उत्साह है।
फरहा ने एक बयान में कहा है, "मैं विल्स लाइफस्टाइल से इस अनूठे ढंग से जुड़ने पर उत्साहित हूं। मैं ट्विटर के जरिए मुझसे जुड़े लोगों से वादा करती हूं कि मैं उन्हें नियमित रूप से फैशन शो की खबरें देती रहूंगी और उन्हें इतने बड़े शो की झलकियां भी दिखाऊंगी।"
विल्स और फरहा के बीच हुए इस अनुबंध के तहत वह ट्विटर पर फैशन शो के संबंध में अपने विचार रखेंगी और शो से संबंधित तस्वीरें भी पेश करेंगी। ट्विटर के जरिए फरहा से जुड़े लोग भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दे सकेंगे।
वेबसाइट ‘इंडिया डॉट ट्विर्ट्स डॉट कॉम’ ने हाल ही में उन्हें ट्विटर का उपयोग करने वाले देश के 10 शीर्ष लोगों में चुना है।
डब्ल्यूआईएफडब्ल्यू के पिछले आयोजन के दौरान पूर्व मिस इंडिया गुल पनाग शो का ट्विटर चेहरा बनी थीं।