मुंबई, 29 जनवरी
विधु विनोद चोपड़ा ने कहा था कि वे अपनी फिल्म थ्री इडियट्स की रीलीज के तीन महीने बाद उसे यू-ट्यूब पर रीलीज करेंगे। लेकिन, स्ट्राइकर इस मामले में उनसे आगे निकल गयी। यह पहली हिन्दी फिल्म होगी, जिसका अंतरराष्ट्रीय प्रीमियर यू ट्यूब पर किया जाएगा। 5 फरवरी को भारत के सिनेमाघरों के साथ-साथ यू ट्यूब पर भी स्ट्राइकर रिलीज होगी।
स्ट्राइकर की निर्माता कंपनी इंडियन फिल्म कंपनी लिमिटेड की सलाहकार कंपनी के सी ई ओ सुनील भार्गव यू ट्यूब पर स्ट्राइकर का प्रीमियर को एक बड़ी कामयाबी बताते हैं। उनका कहना है कि यू ट्यूब दुनिया की सबसे लोकप्रिय वीडियो ऑनलाइन कम्यूनिटी है। इस एसोसिएशन से हम अधिक-से-अधिक दर्शकों तक पहुंच पाएंगे।
यहां यह बताना भी जरूरी है कि यह फिल्म यू-ट्यूब पर सिर्फ अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के लिये ही उपलब्ध होगी। भारतीय दर्शक इसे सिनेमा हॉल पर जाकर ही देख सकेंगे। दरअसल,स्ट्राइकर की ऑनलाइन रीलीज का उद्देश्य उन विदेशी दर्शकों तक पहुंचना है,जो हिन्दी फिल्मों के प्रशंसक हैं।
गौरतलब है कि स्ट्राइकर से तेलुगू फिल्मों के सुपरस्टार सिद्धार्थ हिन्दी फिल्मों में वापसी कर रहे हैं। रंग दे बसंती के बाद स्ट्राइकर उनकी दूसरी फिल्म है।