4 फरवरी 2012
मुम्बई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव संजय जगदाले ने शनिवार को कहा कि बोर्ड स्पांसरशिप और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से हाथ खींचने वाले सहारा समूह के सामने आईपीएल नियमों को लेकर स्थिति साफ करेगा। जगदाले ने एक बयान में कहा, "हम आईपीएल नियमों को लेकर सहारा एडवेंचर स्पोर्ट्स लिमिटेड से बात करेंगे। हम चाहते हैं कि नियमोंे के सम्बंध में हमारी स्थिति साफ हो क्योंकि सहारा ने कहा है कि हम उसे यथोचित ढील भी नहीं दे रहे हैं।"
उल्लेखनीय है कि बीसीसीआई को शनिवार को उस समय करारा झटका लगा जब सहारा ने उसके साथ जारी लाखों डॉलर कीमत की स्पांसरशिप और आईपीएल की पुणे फ्रेंचाइजी टीम से खुद को अलग करने का फैसला किया। सहारा की दलील है कि उसे एक बार फिर बीसीसीआई से उचित न्याय नहीं मिला है।
युवराज सिंह को लेकर जारी संशय पर जगदाले ने कहा, "कुछ दिन पहले से सहारा ने शनिवार की नीलामी के लिए उसके खाते की राशि 16 लाख डॉलर से बढ़ाकर 34 लाख डॉलर करने की मांग की थी। यह मांग युवराज की बीमारी के लिए किया गया था।"
"बीसीसीआई और आईपीएल को युवराज से साथ सुहानभूति है और दोनों युवराज के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं लेकिन युवराज या फिर सहारा के कारण बीसीसीआई प्लेअर रेगुलेशन में बदलाव नहीं कर सकती।"
उधर, सहारा ने शनिवार को जारी अपने बयान में कहा कि उसने बीसीसीआई से अनुरोध किया था कि वह युवराज की कीमत मिलाकर उनकी गैरहाजिरी में किसी अन्य महत्वपूर्ण खिलाड़ी को अपने साथ जोड़ना चाहता है।
सहारा ने यह भी कहा था कि वह बीमारी से जूझ रहे युवराज को पूरी फीस देगा क्योंकि वह उसके लिए परिवार के सदस्य की तरह हैं।