6 फरवरी 2012
नई दिल्ली। क्रिकेट स्टार युवराज सिंह के कैंसर से पीड़ित होने की खबर से क्रिकेट ही नहीं बल्कि राजनीति, फिल्म और टेनिस जगत की हस्तियां परेशान हैं। एक तरफ जहां इन दिग्गजों ने युवराज के फेफड़े से कैंसर से पीड़ित होने को लेकर हैरानी जताई है वहीं दूसरी ओर सबने इस बेहतरीन खिलाड़ी के अतिशीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
गुजराज के मुख्यमंत्री नरेद्र मोदी, भारतीय टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी, जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अबदुल्ला, टेनिस स्टार रोहन बोपन्ना, फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन और युवराज के साथ खेल चुके केरल के खिलाड़ी शांताकुमारन श्रीसंत ने सोशल नेटवर्किं ग वेबसाइट्स के जरिए युवराज के लिए अपनी चिंता को जगजाहिर किया है।
मोदी ने अपने ट्विटर एकाउंट पर लिखा है, "युवराज की बीमारी की खबर सुनकर दुख हुआ। वह जुझारू इंसान हैं। मुझे उम्मीद है कि वह जल्द ही इस बीमारी से उबर जाएंगे और देश सेवा करेंगे।"
उमर ने ट्विटर पर लिखा है, "युवराज देश के उन चुनिंदा खिलाड़ियों में से हैं, जो क्रिकेट को रोमांचक बनाते हैं। मैं उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ करता हूं।"
भारतीय डेविस कप टीम के सदस्य बोपन्ना ने ट्विटर पर लिखा है कि वह युवराज के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं। बकौल बोपन्ना, "मेरी प्रार्थना और शुभकामनाएं युवराज के साथ हैं। वह शीघ्र स्वस्थ होकर हम सबके साथ होंगे।"
इसी तरह श्रीसंत ने लिखा है, "युव्वी की बीमारी के बारे में सुनकर दुख हुआ। हम सब उनकी बेहतरी के लिए प्रार्थना करते हैं।"
मेलबर्न में रविवार को खेले गए एकदिवसीय मुकाबले के बाद भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी क्योंकि काफी समय से वह युवराज से सम्पर्क में नहीं थे।
धौनी ने कहा, "युवराज हमारी टीम के अभिन्न सदस्य हैं। वह हमारे लिए काफी महत्वपूर्ण हैं क्योंकि वह किसी भी क्रम पर बल्लेबाजी कर सकते हैं और साथ ही एक उपयोगी गेंदबाज हैं। हम उनके जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।"
बॉलीवुड महानायक अभिताभ बच्चन ने ट्विटर पर लिखा है कि है कि वह युवराज सिंह की बीमारी के बारे में जानकर हैरान हैं। अमिताभ के मुताबिक वह युवराज के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
अमिताभ ने अपनी टिप्पणी में कहा, "युवराज के कैंसर से पीड़ित होने की खबर सुनकर मैं हैरान हूं। युवराज अगर आप यह पढ़ रहे हों तो आपको बता दूं कि हम सब आपके जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। आप जल्द स्वस्थ हो जाएंगे।"
विश्व कप के हीरो युवराज सिंह फेफड़े के कैंसर से पीड़ित हैं और अमेरिका में कीमोथेरेपी करा रहे हैं। युवराज इस बीमारी के कारण लम्बे समय से भारतीय टीम से बाहर हैं।