चेन्नई, 14 मार्च
इंडियन प्रीमियर लीग-3 के अपने पहले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स अपने घरेलू मैदान पर भी विजयश्री का स्वाद नहीं चख पाई। टूर्नामेंट में अपना दूसरा मुकाबला खेल रही डेक्कन चार्जर्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 31 रनों से मात दे दी। सुपर किंग्स की पूरी टीम मुकाबले में डट कर खड़ी नहीं हो पाई और महज 159 रन ही बना सकी। चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से कप्तान महेंद्र सिंह धौनी (42) और मोर्कल(42) को छोड़ कोई बल्लेबाज अपनी टीम को महत्वपूर्ण योगदान नहीं दे सका।
चेन्नई का पहला विकेट मुरली विजय के रुप में 12 के कुल स्कोर पर गिरा तो फिर विकेट गिरने का सिलसिला शुरु हो गया। सुरेश रैना सिर्फ 6 रन बना पाए तो मैथ्यू हेडन सिर्फ 17। बद्रीनाथ पांच रन बनाकर चलते बने।
इससे पहले, डेक्कन चार्जर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 190 रन बनाए। चार्जर्स की ओर से एंड्रयू सायमंड्स ने 50, हर्शल गिब्स ने 45 और एडम गिलक्रिस्ट ने 38 रन बनाए।
चार्जर्स का पहला विकेट सलामी बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट के रूप में गिरा। उन्होंने 17 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के की मदद से 38 रन बनाए। वह अश्विन की गेंद पर बोल्ड हो गए। वीवीएस लक्ष्मण 11 गेंदों में दो चौके की मदद से 12 रन बनाकर रन आउट हो गए।
हर्शल गिब्स ने 36 गेंदों में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 45 रन बनाए। एंड्र्यू सायमंड्स ने 43 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्के की मदद से 50 रन बनाए।
गिलक्रिस्ट को छोड़ चार्जर्स के तीन बल्लेबाज लक्ष्मण, गिब्स और सायमंड्स रन आउट हुए। सुपर किंग्स के गेंदबाज अश्विन को एक विकेट मिला।
डेक्कन चार्जर्स का यह दूसरा मैच है। शुक्रवार को खेले गए पहले मुकाबले में उसे कोलकाता नाइट राइर्ड्स के हाथों 11 रनों से पराजय का सामना करना पड़ा था।