भुवनेश्वर, 19 मार्च
उड़ीसा स्थित नंदनकानन चिड़ियाघर में जानवरों को गर्मी से बचाने के लिए कूलर का इस्तेमाल किया जा रहा है। राज्य के कई शहरों में तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
नंदनकानन चिड़ियाघर के उप निदेशक एस. के. महापात्रा ने बताया,"लू से बचाव के लिए गिलहरी, बंदर और वनमानुष के पिंजरों में कूलर लगाया गया है।"
उन्होंने बताया,"पानी की सभी टंकियों की मरम्मत कर उनमें पर्याप्त मात्रा में पानी भर दिया गया है। इन टंकियों का पानी हर दिन बदला जाता है। बाघ सहित कुछ चुनिंदा जानवरों के पिंजरों पर भी पानी का छिड़काव किया जा रहा है।"नंदनकानन चिड़ियाघर भुवनेश्वर के बाहरी इलाके में स्थित है।
नंदनकानन देश के प्रसिद्ध चिड़ियाघरों में हैं,जहां हर साल हजारों पर्यटक पहुंचते हैं।