बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान की बीते साल कोई बड़ी फिल्म नहीं आई, लेकिन अगले साल की शुरुआत ही करण जौहर की फिल्म माई नेम इज खान से होने जा रही है। शाहरुख के प्रशंसकों के मन में पहला सवाल यही है कि क्या यह फिल्म सुपर हिट होगी? और क्या शाहरुख का सितारा पिछले दिनों की तरह बुलंद रहेगा?
बॉक्स ऑफिस के बजाय शाहरुख की कुंडली में इन सवालों का जवाब टटोले तो एक बात तो साफ है कि बॉलीवुड के बादशाह के दिन अभी बीते नहीं है। शाहरुख का जन्म दो नवंबर 1965 को सुबह दो बजे नयी दिल्ली में हुआ था। उनकी जन्म कुंडली में लग्न सिंह है। सिंह लग्न की वजह से ही उनका माथा उन्नत और हड्डियां मजबूत हैं।
लग्न का मालिक सूर्य तीसरे भाव में विराजमान है,जो साहस का घर है और उन्हें एक साहसी आदमी बनाता है। ऐसा व्यक्ति जो जोखिम ले सकता है। उनकी चंद्रराशि मकर है, और वो भी उन्हें जोखिम लेने में मदद करती है। सूर्य की यह स्थिति उनकी कुंडली में सबसे मजबूत है,क्योंकि सूर्य मंगल के साथ मिलकर नीच भंग योग बनाता है। शाहरुख ने अभी तक जो कुछ हासिल किया है, उसकी बड़ी वजह यह योग भी है।
शाहरुख की कुंडली में एक खास बात और चार अनिष्ट ग्रहों लग्न के अलावा केंद्र में होना है। मंगल,शनि,राहु और केतु कुंडली में केंद्र में हैं। मंगल योगकारक है,जबकि शनि इस केंद्र का स्वामी,जो इस स्थिति में अनिष्ट नहीं रहता।
शाहरुख की कुंडली में सफलता गुरु की महादशा के साथ हुई। पंचमेश बृहस्पति की महादशा भाग्यवर्धक रही। सातवें घर में बैठ शनि शादी के बाद उनकी उन्नति का कारक बना। शाहरुख की जन्म कुंडली में अब शनि की दशा ही चल रही है। ये दशा 8 मार्च 2008 से लेकर 9 मार्च 2027 तक चलेगी। एक लिहाज से शाहरुख की जिंदगी के तमाम बड़े लम्हे इसी अवधि में आने हैं। शाहरुख को शनि की दशा में लोगों से सार्वजनिक जगहों पर संवाद में सावधानी बरतनी होगी,क्योंकि शनि की दशा में अक्सर लोग अपना संतुलन खो देते हैं और बेवजह मुसीबत मोल ले लेते हैं। हालांकि,शनि की महादशा में अंतरदशाएं अपने अलग असर दिखाती हैं,लेकिन फिलहाल मार्च 2010 से मार्च 2011 तक उनकी ख्याति उन्हें चर्चित हस्तियों में शुमार रखेगी। इसी अवधि में वो कई अवॉर्ड भी ग्रहण करेंगे।
अक्सर शाहरुख के प्रशंसक एक सवाल पूछते हैं कि शाहरुख को क्या कभी ऑस्कर अवॉर्ड मिल पाएगा? इस सवाल का जवाब है नहीं। शाहरुख को ऑस्कर की संभावना लगभग नहीं है लेकिन उनकी झोली में दूसरे कई अंतरराष्ट्रीय अवॉर्ड आएंगे। जुलाई 2011 से दिसंबर 2013 तक ही कई अवॉर्ड मिलेंगे।
जहां तक शाहरुख की आगामी फिल्म माई नेम इज खान का सवाल है तो इस फिल्म में शाहरुख के अभिनय की तारीफ होगी। लेकिन,फिल्म टिकट खिड़की पर शाहरुख का चमत्कार नहीं दोहरा पाएगी।