मुंबई, 7 दिसंबर
फिल्म ‘वेक अप सिड’ और ‘अजब प्रेम की गजब कहानी’ की सफलता के बाद अभिनेता रणबीर कपूर बॉलीवुड के पसंदीदा कलाकार बन गए है। फिल्म अजब प्रेम की गजब कहानी ने तो बॉक्स ऑफिस में धमाल मचा कर मानो रणबीर को सुपरस्टार की गिनती में ला कर खड़ा कर दिया है।
सिनेमा जगत के लोकप्रिय कलाकार ऋषि कपूर के बेटे रणबीर कपूर के लिए फिल्म निर्माता-निर्देशकों की मांग बढ़ गई है।
इस समय रणबीर कपूर लहर चल रही है। दर्शकों के कारण रणबीर निर्माताओं के भी चहेते बन गए हैं। अब रणबीर ये मान सकते हैं कि बॉलीवुड में उन्होंने अपने पैर जमा लिए हैं। अब उनकी काम की जिम्मेदारियां भी बढ़ गई है क्योंकि उनके फैन अब उनसे और बेहतर की उम्मीद करने लगे हैं।
रणबीर की आगामी फिल्म ‘रॉकेट सिंह - सेल्समैन ऑफ द ईयर’ है। रणबीर के अलावा यशराज फिल्म्स और शिमित अमीन जैसे सफल लोग इस फिल्म से जुड़े हुए हैं।
संवाददाताओं से हुई बातचीत के दौरान फिल्म के बारे में पूछने पर रणबीर कहते हैं कि ‘रॉकेट सिंह में काम करने के अनुभव शानदार रहा और इस फिल्म के निर्माण के दौरान मुझे काफी कुछ सीखने को भी मिला, जिसमें सबसे महत्वपूर्ण ये कि फिल्म के ऊपर या उससे बड़ा कोई नहीं होता।‘
किरदार के बारे में पूछने पर रणबीर जवाब देते हैं ‘मैं गर्व से कह सकता हूँ कि ‘रॉकेट सिंह’ मेरे कॅरिअर की अब तक की सबसे बेहतरीन फिल्म है। ना मेरे करियर की बल्कि इसे हाल ही सभी फिल्मों में श्रेष्ठ माना जा सकता है।‘
रणबीर अपनी आने वाली फिल्म ‘राजनीति’ को लेकर भी बेहद उत्साहित हैं, जो उनकी हालिया प्रदर्शित फिल्मों से हटकर है। कम समय में कलाकार को इतनी अलग भूमिकाएँ निभाने को कहाँ मिलती है। ‘सही बात है। मेरी ये सभी फिल्में एक-दूसरे से बिलकुल अलग हैं और सभी फिल्में उम्दा बनी हैं।‘
हाल ही में अमिताभ बच्चन ने कहा था कि फिल्म प्रमोट करना शूटिंग करने से भी ज्यादा कठिन है। क्या आप भी ऐसा सोचते हैं क्योंकि पिछले कुछ महीनों से वे बेहद व्यस्त हैं। ‘वेक अप सिड’ और ‘अजब प्रेम की गजब कहानी’ का प्रमोशन। बीच में ‘राजनीति’ की शूटिंग। और अब ‘रॉकेट सिंह’। रणबीर बताते हैं। ‘मेरी पिछली फिल्मों की ही चर्चा खत्म नहीं हुई है और ‘रॉकेट सिंह’ रिलीज होने वाली है। आराम करने का समय नहीं है, लेकिन मैं इस समय को पूरी तरह से एंज्वाय कर रहा हूँ।‘