चण्डीगढ़, 17 मार्च
सीने में दर्द की शिकायत के बाद बुधवार को चण्डीगढ़ के पोस्ट-ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन (पीजीआईएमईआर) में दाखिल कराए गए मशहूर अभिनेता और पूर्व सांसद धर्मेद्र को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
पीजीआईएमईआर के प्रवक्ता ने बताया कि संस्थान के चिकित्सकों ने धर्मेद्र का परीक्षण किया और बाद में उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
फिल्म अभिनेता धर्मेद्र ने मंगलवार रात को थकान और सीने में दर्द की शिकायत की थी।
इन दिनों धर्मेद्र 'यमला पगला दीवाना' नाम की एक फिल्म की शूटिंग अपने गृह राज्य पंजाब के विभिन्न स्थानों पर कर रहे हैं। इस फिल्म में उनके दोनों पुत्र सनी देओल और बॉबी देओल भी अभिनय कर रहे हैं।