लास एंजेलिस, 18 मार्च
अमेरिका के टाइम वार्नर केबल ने तकनीकी गड़बड़ी के कारण बच्चों के दो चैनलों पर प्लेबॉय चैनल का प्रसारण होने के लिए उत्तरी कैरोलिना के हजारों दर्शकों से माफी मांगी है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार वार्नर के एक प्रवक्ता ने एक स्थानीय समाचार चैनल से कहा, "हमें इस पर बहुत खेद है। हमें पता है कि अभिभावक चिंतित हैं। तकनीकी गड़बड़ी के कारण बच्चों के चैनल पर गलत दृश्य प्रसारित हो गए।"
यह गड़बड़ी मंगलवार को हुई। बच्चों के चैनल पर एक निर्वस्त्र महिला के दृश्य प्रसारित हो गए। इस दृश्य के प्रसारित होने के बाद हंगामा मच गया था। शुरुआत में लोगों को समझ नहीं आया कि बच्चों के चैनल पर इस तरह की तस्वीरें कैसे प्रसारित हो गईं। कुछ लोगों ने टाइम वॉर्नर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की है।